बिलासपुर में NSS कैंप के स्टूडेंट्स पर बदमाशों का हमला:नशेड़ी युवकों ने JP वर्मा कॉलेज के कैंप पर मचाया उत्पात, बरसाए पत्थर
बिलासपुर जिले में आयोजित NSS कैंप पर नशेबाज बदमाशों ने हमला कर जमकर उत्पात मचाया। इस हमले में कैंप में शामिल करीब आधा दर्जन स्टूडेंट्स घायल हो गए, जिनमें दो छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने दो नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला हिर्री थाना क्षेत्र का है।
जरहाभाठा स्थित शासकीय जमुना प्रसाद वर्मा कालेज के NSS इकाई की शिविर ग्राम खजुरी में आयोजित की गई है। छह जनवरी से चल रहे इस कैंप में 40 छात्राएं और 40 छात्र शामिल हुए। इस दौरान स्टूडेंट्स गांव के पंचायत भवन में रात में ठहरे थे। कैंप का संचालन प्रोफेसर हेमंत खरे एवं डा. अल्का शुक्ला के निर्देशन में चल रहा था।

छात्राओं की तस्वीरें खींचने पर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा कि जब सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने वाले नाटक का भी मंचन किया गया। इसी दौरान गांव के बदमाश युवक नशे की हालत में वहां पहुंच गए। उन्होंने मोबाइल पर छात्राओं की तस्वीरें और वीडियो बनाना शुरू किया, तब छात्रों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद बाहरी लड़कों ने मचाया हंगामा
बीते बुधवार की रात कैंप के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके बाद विद्यार्थियों की गणना की जा रही थी। इसी दौरान आसपास के बाहरी लड़के वहां पहुंच गए और विवाद करते हुए जमकर हंगामा मचाने लगे। उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया गया तो लड़के भड़क गए और अपने साथियों को फोन कर बुला लिया।







