देश दुनिया

शिवसेना नेता को गोली मारने वाले BJP विधायक ने कहा:एकनाथ शिंदे ने मुझे अपराधी बनाया, वे CM रहे तो राज्य में क्रिमिनल बढ़ेंगे

महाराष्ट्र के उल्हासनगर में जमीन विवाद के चलते शिवसेना नेता महेश गायकवाड को गोली मारने वाले भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने इस पूरी घटना के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दोषी ठहराया है। शुक्रवार को अपनी गिरफ्तारी से पहले एक न्यूज चैनल को उन्होंने फोन पर बताया कि एकनाथ शिंदे ने मुझे अपराधी बना दिया है।

इस ऑडियो क्लिप में कल्याण ईस्ट से भाजपा विधायक गणपत कहते सुनाई देते हैं कि मेरे बेटे के साथ पुलिस स्टेशन में दुर्व्यवहार किया गया और मेरी जमीन जबरदस्ती मुझसे छीनी गई। अगर एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहते हैं, तो राज्य में अपराधी बढ़ेंगे। उन्होंने मुझ जैसे अच्छे इंसान को भी अपराधी बना दिया है।

गणपत ने कहा कि मैं बहुत परेशान था, इसलिए मैंने गोली चलाई। मुझे कोई अफसोस नहीं है। अगर कोई मेरे बेटे के साथ पुलिस स्टेशन में मार-पीट करेगा तो मैं क्या करूंगा? मैं उन लोगों को मारना नहीं चाहता था।

गणपत बोले- एकनाथ शिंदे ने जैसे उद्धव ठाकरे को धोखा दिया, वैसे भाजपा को भी देंगे
गणपत गायकवाड ने कहा कि एकनाथ शिंदे के बेटे और कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे ने बड़े-बड़े बोर्ड लगाकर मेरे किए सारे काम का श्रेय ले लिया है। उन्होंने मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज कराया है। शिंदे को बताना चाहिए कि इस भ्रष्टाचार में उन्होंने कितना पैसा बनाया है।

गणपत ने ये भी कहा कि एकनाथ शिंदे भाजपा को ठीक वैसे ही धोखा देंगे, जैसे उन्होंने शिव सेना (उद्धव गुट) के प्रमुख उद्धव ठाकरे को दिया था। उनके पास मेरे कई करोड़ रुपए हैं। अगर महाराष्ट्र को अच्छे से चलाना है तो, एकनाथ शिंदे को इस्तीफा दे देना चाहिए। ये मेरी उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विनम्र विनती है।

शनिवार (3 फरवरी) को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पार्टी नेता महेश गायकवाड़ से मिलने के लिए ठाणे के जुपिटर अस्पताल पहुंचे।

Related Articles

Back to top button