देश दुनिया

एम्स के सभी केंद्रों में शुरू होंगे आयुष्मान सुविधा केंद्र

एम्स में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के लाभार्थियों की मदद के लिए आयुष्मान सुविधा केंद्र बढ़ाए जाएंगे. निदेशक एम श्रीनिवास ने आदेश दिया है कि एम्स के सभी ब्लॉक और केंद्रों में ये शुरू किए जाएंगे. 31 मार्च तक यह सुविधा शुरू करने का निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिया है.

इससे आयुष्मान भारत- पीएमजेएवाई के लाभार्थी मरीजों को इलाज में आसानी होगी. दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं है. एम्स में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के मरीज पहुंचते हैं, इसलिए दूसरे राज्यों के लाभार्थी को इस योजना के तहत एम्स में इलाज का प्रविधान है. इसके मद्देनजर एम्स के मुख्य प्रवेश गेट (गेट नंबर एक) के पास आयुष्मान सुविधा केंद्र मौजूद है. सिर्फ एक केंद्र होने के कारण मरीजों को परेशानी होती है. एम्स में मुख्य अस्पताल के अलावा आंख, हृदय, न्यूरो और कैंसर की बीमारियों के लिए अलग-अलग केंद्र हैं. ट्रामा सेंटर के साथ ही मस्जिद मोठ के पास नया ओपीडी ब्लाक, सर्जरी ब्लाक, मातृ एवं शिशु ब्लाक व राष्ट्रीय वृद्धजन केंद्र है.

एम्स के मीडिया डिविजन की प्रभारी डा. रीमा दादा ने कहा कि आयुष्मान सुविधा केंद्र 24 घंटे संचालित होंगे. एम्स में अब तक आयुष्मान भारत के लाभार्थी 23,164 मरीजों की एम्स में सर्जरी हो चुकी है. कुछ समय पहले आयुष्मान भारत- पीएमजेएवाई योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर तीन मरीजों का निश्शुल्क किडनी प्रत्यारोपण हो चुका है

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!