“याद-ए-लता 2026” में गूंजेंगी स्वर कोकिला की अमर धुनें, भिलाई में 13 फरवरी को संगीतमय श्रद्धांजलि
भिलाई 12 फरवरी 2026/स्वर साम्राज्ञी भारत रत्न लता मंगेशकर की अमर यादों को संजोए एक भावपूर्ण संध्या का आयोजन 13 फरवरी को भिलाई में किया जाएगा। रूप रागनी म्यूजिक अकैडमी एवं भिलाई बीएसपी एससी-एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम “याद-ए-लता 2026” के माध्यम से स्वर कोकिला को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
यह कार्यक्रम महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई (छत्तीसगढ़) में शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन में शहर के संगीत प्रेमियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त कलेक्टर राजनांदगांव श्रीमती लता युगल उर्वशा होंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती अलका वाघमार, ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार बछोर, रजिस्ट्रार हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग श्री भूपेंद्र कुलदीप, श्रीमती मंजू अरुण वोरा, श्रीमती श्वेता धीरज बाकलीवाल, श्रीमती रिचा रीकेश सेन उपस्थित रहेंगी।
विशेष अतिथियों में भिलाई महिला समाज की अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम, उपाध्यक्ष श्रीमती पूनम कुमार, श्रीमती केका सरकार, श्रीमती स्मिता भास्कर, श्रीमती आभा कुमार, सचिव श्रीमती सोनाली रथ, संयुक्त सचिव श्रीमती दीपांविता पॉल, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन एवं संयुक्त कोषाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएसपी एससी-एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कोमल प्रसाद करेंगे।
इस अवसर पर लता मंगेशकर द्वारा गाए गए कालजयी गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजकों का कहना है कि यह संध्या स्वर कोकिला को समर्पित एक विनम्र श्रद्धांजलि होगी, जहां उनकी मधुर धुनें एक बार फिर श्रोताओं के मन को भाव-विभोर करेंगी।
कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आयोजकों ने संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।
उक्त जानकारी एसोसिएशन के महासचिव विजय रात्रे ने दी।


