बिलासपुर 26 फरवरी 2026/शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेहरु चौक ट्रैफिक सिग्नल के पास राहगीरों से जबरन पैसे मांगकर परेशान करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जूली चौधरी (36 वर्ष) और नफीसा खातून (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नेहरू चौक सिग्नल पर वाहनों के रुकने के दौरान परिवार सहित यात्रा कर रहे लोगों, विशेषकर महिलाओं से ताली बजाकर अनावश्यक रूप से पैसे की मांग कर रहे थे। उनके व्यवहार से आम नागरिकों में असंतोष और आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई थी। मौके पर भीड़ भी एकत्रित हो गई थी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों को हिरासत में लिया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों और आमजन को परेशान करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रुम को दें।


