छत्तीसगढ़

ऑपरेशन ‘आघात’ में बड़ा धमाका: 67 किलो गांजा लेकर बिहार जा रहा तस्कर जशपुर में धराया, 40 लाख की खेप जब्त

जशपुर 27 फरवरी 2026/होली से पहले नशे के सौदागरों पर करारा प्रहार करते हुए जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना तपकरा क्षेत्र के लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक सिल्वर हुंडई वरना कार से 67 किलो 135 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। उड़ीसा से बिहार ले जाई जा रही इस भारी खेप की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में की गई। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने लावाकेरा में घेराबंदी कर संदिग्ध कार क्रमांक DL-8C-AX-8014 को रोका। तलाशी के दौरान डिक्की में स्टेपनी रखने की जगह पर प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखे गए 65 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष), निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि हाजीपुर में एक महिला से पहचान के बाद वह संबलपुर (उड़ीसा) गया था, जहां से गांजा लेकर बिहार लौट रहा था। आरोपी ने बताया कि उसकी महिला साथी उड़ीसा में ही उतर गई थी और उसे अकेले ही पटना तक माल पहुंचाने को कहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर संदिग्ध महिला की पहचान कर ली है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

मामले में थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!