बिलासपुर 18 मई 2026/ संभाग के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान, सिम्स (CIMS) अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सीएमपीडीआई (CMPDI) ने अपने सीएसआर (CSR) मद के तहत अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण सौंपे हैं। शनिवार को आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में डॉ. संजय अग्रवाल, डीन डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में इन अत्याधुनिक मशीनों की एमओयू (MoU) प्रति का आदान-प्रदान किया गया। इस सहयोग के तहत सिम्स अस्पताल को एक उच्च क्षमता वाली अल्ट्रासाउंड मशीन और एक सीटीजी (कार्डियोटोकोग्राफी) मशीन प्रदान की गई है, जिससे यहाँ की जांच और उपचार व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हो जाएगी। नई अल्ट्रासाउंड मशीन की मदद से मरीजों के आंतरिक अंगों की जांच पूरी स्पष्टता और सटीकता के साथ की जा सकेगी, जिससे गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में बड़ी मदद मिलेगी। वहीं, दूसरी ओर सीटीजी मशीन गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु की हृदय गति व स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी करने में बेहद सहायक साबित होगी, जिससे हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी (जोखिम वाली गर्भावस्था) के मामलों में समय रहते सटीक इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा। अस्पताल के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने बताया कि सिम्स में रोजाना दो हजार से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के आने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को उन्नत तकनीकी सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि इन नई मशीनों से जांच की प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और सुविधाजनक हो जाएगी। यह तकनीकी सहायता चिकित्सकों को गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करने में मदद करेगी, जो विशेष रूप से महिलाओं और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर सीएमपीडीआई क्षेत्रीय संस्थान के विभागाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी, डॉ. दीपिका सिंह, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट स्वाति कुमार, उज्जवला दास, सरिता बहादुर, पिंकी दास, नमिता वानी, सीत कुर्रे, पुष्पलता शर्मा, नेहा उड़ान सहित अस्पताल के कई अन्य डॉक्टर और कर्मचारी उपस्थित रहे।





