बिलासपुर 27 जून 2026/ इमली के पेड़ के नीचे से चंद मिनटों में गायब हुई बाइक आखिरकार पुलिस के शिकंजे में पहुंचे शातिर चोर के साथ बरामद हो गई। कोटा पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 40 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की HF डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है।
मामला थाना कोटा के अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 303(2) बीएनएस का है। 12 जून 2026 को प्रार्थी राजू आदिवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम गनियारी स्थित शराब भट्ठी के पास इमली के पेड़ के नीचे खड़ी उसकी बिना नंबर प्लेट वाली HF डीलक्स मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक-04, घुरू अमेरी में दबिश देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी ओम प्रकाश यादव (25 वर्ष), पिता स्व. भरत यादव, निवासी वार्ड क्रमांक-04, घुरू, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और मेमोरेंडम के बाद उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक नंद कुमार यादव, अविनाश शर्मा एवं दीप सिंह कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, “इस खुलासे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध का रोमांच कुछ दिनों का होता है, लेकिन उसका अंजाम अक्सर सलाखों के पीछे ही खत्म होता है।”चोरी की बाइक तो बरामद हो गई, लेकिन आरोपी के लिए अब आगे की राह अदालत और कानून तय करेगा।”





