बिलासपुर 5 जून 2026/ स्थानीय सिलपहरी इंडस्ट्रियल एरिया में खनिज माफियाओं का दुस्साहस इस कदर बढ़ चुका है कि जिम्मेदार विभाग उनके सामने पूरी तरह बेबस नजर आ रहे हैं। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बसिया और सिलपहरी के बीच स्थित औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन का एक बड़ा खेल बेरोकटोक जारी है। हाल ही में जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची, तो वहां के दृश्यों ने खनिज विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए।
औद्योगिक उपयोग के लिए आरक्षित समतल भूमि को माफियाओं ने खोदकर गहरी खदानों में तब्दील कर दिया है। मौके पर जेसीबी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर पत्थर निकालकर हाइवा वाहनों में भरा जा रहा था। टीम को देखते ही वहां हड़कंप मच गया और चालक वाहन लेकर फरार हो गए, जो यह स्पष्ट करता है कि यह पूरा काम अवैध तरीके से किया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह खेल पिछले दो वर्षों से दिन-रात चल रहा है, लेकिन आज तक खनिज विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।सबसे बड़ा सवाल यह है कि औद्योगिक क्षेत्र में इतनी बड़ी खुदाई क्या बिना प्रशासनिक संरक्षण के संभव है? जहां कभी समतल जमीन थी, वहां अब गहरे गड्ढे विभागीय उदासीनता की कहानी बयां कर रहे हैं। हालांकि खनिज निरीक्षक ने जांच और कार्रवाई की बात कही है, लेकिन माफियाओं के बुलंद हौसले कुछ और ही संकेत दे रहे हैं। अब देखना यह होगा कि क्या जिला प्रशासन इन दोषियों पर कोई कड़ी कार्रवाई करता है या यह लूट का खेल यूं ही चलता रहेगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





