सरमा में कबीर पंथ की परंपराओं के बीच संपन्न हुआ दशगात्र संस्कार, समाज की एकजुटता और संस्कारों पर दिया जोर
सरमा/उदयपुर/ प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी अपने दो दिवसीय सरगुजा प्रवास के दौरान 6 अक्टूबर 2026 को उदयपुर विकासखंड के वनांचल ग्राम सरमा पहुंचे। यहां उन्होंने समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं सरमा निवासी सतलोकवासी गोविंद दास उर्फ पंडित दास के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सद्गुरु कबीर साहब से प्रार्थना की।
गृह निवास पर आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ महंत चित्रकुट दास कोसगा, महंत राम दास उदयपुर एवं दीवान श्री के सानिध्य में चलावा चौका, आरती और चंदनपान का आयोजन विधि-विधान एवं भक्तिभाव से संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी सहित समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में सामाजिकजनों ने दिवंगत गोविंद दास के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
शोकसभा को संबोधित करते हुए डॉ. मानिकपुरी ने कहा कि समाज के सुख-दुःख के आयोजनों में समय प्रबंधन और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने महंत-दीवानों से आग्रह किया कि ऐसे कार्यक्रम यथासंभव शाम 7 से 8 बजे तक पूर्ण करा दिए जाएं, ताकि दूरदराज से आने वाले सामाजिकजनों को रात में अपने गंतव्य तक लौटने में परेशानी न हो। उन्होंने कबीर पंथ की महिमा, सात्विक आचार-विचार और नैतिक मूल्यों को समाज की युवा पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। साथ ही प्रत्येक परिवार में सद्गुरु कबीर साहब की तस्वीर को पूजा स्थल पर स्थापित कर उनकी शिक्षाओं के अनुरूप जीवन जीने का आह्वान किया।
चंदनपान में प्राप्त ₹5,070 की सहयोग राशि प्रदेशाध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रमुख सदस्य एवं दिवंगत के सुपुत्र हरी दास मानिकपुरी को सौंपते हुए पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए संबल प्रदान किया। डॉ. मानिकपुरी ने दिवंगत की पत्नी बिरसपतिया बाई सहित परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम के समापन पर महंत-दीवानों द्वारा चौका का पान-प्रसाद वितरित किया गया तथा उपस्थितजनों ने भोजन-भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
प्रमुख रूप से शामिल हुए शोभित दास महंत, गुरु चरण दास पंथ, हिरमनिया मानिकपुरी, लीला मानिकपुरी, निहारो बाई मानिकपुरी, सफियानो बाई मानिकपुरी, जयलाल दास, देव नारायण सिंह, शिवनाथ सिंह, एतवार दास मानिकपुरी सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिकजन।




