सुरंग टीला में पहली बार विशेष प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम से जीवंत होगी सिरपुर की गौरवगाथा, 34 गांवों के लोक कलाकारों को मिलेगा मंच
राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ योग, ध्यान, पतंग उत्सव, नौका विहार और साहसिक पर्यटन भी होंगे आकर्षण
महासमुंद, 27 नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से महासमुंद जिले की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 20 से 22 फरवरी 2027 तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सुरंग टीला में प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम बनेगा प्रमुख आकर्षण
इस बार सिरपुर महोत्सव का विशेष आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में शुरू होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध पुरातात्त्विक धरोहर और प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेनसांग की सिरपुर यात्रा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव के दौरान इस कार्यक्रम का शुभारंभ होगा और आयोजन समाप्त होने के बाद भी इसका नियमित संचालन जारी रखने की योजना है। इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण और राज्य पुरातत्त्व संचालनालय को समन्वय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
34 गांवों के लोक कलाकारों को मिलेगा विशेष मंच
महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को विशेष महत्व दिया जाएगा। इसके तहत 34 ग्रामों के पारंपरिक नृत्य दलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय कलाकारों के लिए अलग मंच और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि शाम 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। प्रत्येक दिन की विषयवस्तु के अनुरूप कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
योग, ध्यान से लेकर साहसिक पर्यटन तक होंगी गतिविधियां
सिरपुर महोत्सव को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए पर्यटन की विभिन्न गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। यहां प्रदर्शनी, योग, ध्यान, पतंग उत्सव, तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार और साहसिक खेलों जैसी गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। इसके लिए उपयुक्त स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक अनुमतियां, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोशनी से जगमगाएंगे ऐतिहासिक स्मारक
महोत्सव के दौरान भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक स्मारकों को आवश्यक अनुमति के बाद आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाने की योजना है। साथ ही स्मारकों की भव्यता और महोत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों का व्यावसायिक छायांकन एवं दृश्यांकन भी कराया जाएगा। इन अभिलेखों का उपयोग सिरपुर के पर्यटन प्रचार-प्रसार के साथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में नामांकन से संबंधित दस्तावेजों के लिए भी किया जा सकेगा।
प्रचार के लिए बनेगी विशेष वृत्तचित्र फिल्म
सिरपुर महोत्सव को देशभर में पहचान दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा विशेष वृत्तचित्र फिल्म तैयार की जाएगी। इसे दिसंबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिल्म का विभिन्न संचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए प्रसारण किया जाएगा, ताकि सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत और महोत्सव की विशेषताओं का व्यापक प्रचार हो सके।
पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
तीन दिवसीय आयोजन में देश-प्रदेश से आने वाले पर्यटकों, अतिथियों और प्रतिनिधियों के आवास, परिवहन, आवागमन एवं सुरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आसपास के होटल और पर्यटन विश्रामगृहों का निरीक्षण कर उनकी क्षमता एवं उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। आयोजन स्थल के चयन में सुगम पहुंच, पर्याप्त स्थान और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन से मिले अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही महोत्सव की वित्तीय सहभागिता बढ़ाने के लिए विज्ञापन एवं प्रायोजन की संभावनाएं तलाशने तथा सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन को आयोजन के लिए आवश्यक बजट प्रस्ताव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को भेजने को कहा गया।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से आयोजन की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संस्कृति एवं राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर, महासमुंद जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के उप सचिव अभिषेक गुप्ता, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






