सात प्राथमिक एवं तीन उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह; कबड्डी, दौड़, रस्साकशी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में किया शानदार प्रदर्शन
खेमराज साहू/भगतदेवरी/27 नवम्बर 2026/ ग्राम पंचायत देवरी क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में क्षेत्र के सात प्राथमिक एवं तीन उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में लगभग 1200 छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीणों, पालकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता में प्राथमिक शालाओं ढाबाखार, देवरी, मुक्तिडिपा, भैरोपुर, नारायणपुर, खुर्सीपहार एवं सरस्वती शिशु मंदिर देवरी तथा उच्च प्राथमिक शालाओं भगतदेवरी, भैरोपुर एवं सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दिखा उत्साह
आयोजन के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग के लिए कबड्डी, 100 मीटर दौड़, सुरमयी कुर्सी (म्यूजिकल चेयर), रस्साकशी, बोरा दौड़ एवं फुगड़ी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत देवरी की सरपंच श्रीमती ललिता यादव एवं पंचायत का विशेष योगदान रहा। उनके द्वारा टेंट एवं साउंड व्यवस्था का संपूर्ण खर्च वहन किया गया। वहीं भोजन व्यवस्था में श्रीमती भारती छोटू अग्रवाल, श्री जयप्रकाश बारिक, अनंतराम चौधरी, भूपेंद्र पटेल, हृदय पटेल, दुर्गा शंकर जोशी एवं सचिन महापात्र सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुरस्कार वितरण एवं आयोजन के सफल संचालन में प्रधानाध्यापक मोहितराम सत्यम का सराहनीय सहयोग रहा।
शिक्षकों और आयोजन समिति की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला भगतदेवरी के श्री देवनारायण साहू, चंद्रप्रकाश नायक, वेणुधर पटेल, गुरुम सिंहसोना, हरिता चौधरी, चंद्रबालानंद, समन्वयक श्री छत्रकुमार राणा, मुन्नीलाल अग्रवाल सहित सभी सहभागी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, रसोइयों एवं सफाई कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन प्रधानाध्यापक श्री बुद्धदेव चौधरी ने किया। समापन अवसर पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेलजोल, अनुशासन, सहयोग एवं टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया।





