बिलासपुर 16 जून 2026/ थाना पामगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के दौरान पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त के साथ मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को ग्राम झिलमिली निवासी जोहित कुमार दिनकर अपने गांव के ही सूरज रात्रे के साथ बाइक से पामगढ़ शराब लेने गया था। दोनों शराब खरीदकर मदनपुर के सागौन जंगल में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में सूरज रात्रे ने जोहित से और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। जब जोहित ने पैसे नहीं होने की बात कही तो सूरज नाराज हो गया और उसकी जेब से 100 रुपये का नोट निकालकर फाड़ दिया। इसके बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए जोहित के साथ मुक्कों से मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। घटना में जोहित के सिर, माथे और चेहरे पर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी घायल जोहित को बाइक पर बैठाकर ग्राम भैंसो में छोड़कर फरार हो गया।पीड़ित की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर धारा 119 (1), 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 जून को आरोपी सूरज रात्रे (24 वर्ष) निवासी झिलमिली, थाना पामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक कार्यवाही की जा रही है।





