बिलासपुर 6 मई 2026/ कार्य में लापरवाही बरतने पर तखतपुर सीएमओ को कलेक्टर ने शोकाज नोटिस दिया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त हो रहे आवेदनों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं सार्थक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन की योजनाओं का लाभलोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रचार-प्रसार में कलेक्टर ने नाराजगी आयोजित शिविरों की समीक्षा के दौरान तखतपुर में लापरवाही पाए जाने पर समुचित जानकारी आमजन तक नहीं पहुंचने से अपेक्षाकृत कम लोग लाभान्वित हो सके। इस पर कलेक्टर ने तखतपुर के सीएमओ अमरेश सिंह को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि शिविरों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए विभिन्न विकासखंडों में मौजूद 86 सूखे (डिफंक्ट) नलकूपों को रिचार्जिंग कार्य में उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन की दिशा में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए। ई-डिस्ट्रिक्ट योजना के अंतर्गत लगभग 12 प्रतिशत आवेदनों के निरस्त होने पर कलेक्टर ने असंतोष जताया। उन्होंने लोकसेवा केंद्रों के ऑपरेटरों को चेतावनी देने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवेदनों की गुणवत्ता में सुधार हो सके और अनावश्यक निरस्तीकरण कम हो।





