रायपुर 6 जून 2026/ राजधानी में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच उरला इलाके में गांजा बेचने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और उरला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 260 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 13 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 5 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना उरला क्षेत्र के पारधी पारा में कुछ लोग गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना उरला पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्धों को चिन्हित किया और पकड़कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मीना बघेल और रामखीलावन उर्फ राकेश चौधरी निवासी रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 260 ग्राम गांजा जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में मीना बघेल पति शरद बघेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी मटकनवा पारा, सरकारी स्कूल के पास, उरला तथा रामखीलावन उर्फ राकेश चौधरी पिता श्री प्रसाद चौधरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी बिरगांव, थाना उरला शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 246/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बहरहाल, रायपुर पुलिस का नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और साफ संकेत है कि युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर कानून का शिकंजा लगातार कसता जाएगा।





