धमतरी 7 जून 2026/ रविवार सुबह धमतरी की सड़कों पर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। पुलिस की वर्दी इस बार अपराधियों के पीछे नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और इंधन बचत का संदेश लेकर साइकिल पर दौड़ती नजर आई। “Sunday On Cycle” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में निकली भव्य साइकिल रैली ने फिट इंडिया के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का मजबूत संदेश दिया।
भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में धमतरी पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य बड़े उत्साह के साथ शामिल हुए। सुबह 7 बजे पुलिस लाइन रूद्री से शुरू हुई साइकिल रैली गंगरेल पहुंची और वहां से वापस पुलिस लाइन लौटकर संपन्न हुई। करीब 500 लोगों की भागीदारी ने इस आयोजन को जन-जागरूकता के बड़े अभियान में बदल दिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, फिटनेस और साइकिलिंग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। साथ ही इंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के अधिक उपयोग का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित व्यायाम और साइकिलिंग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से ऊर्जावान और अनुशासित बनाती है। उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग स्वस्थ समाज, स्वच्छ पर्यावरण और ईंधन बचत की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। गौरतलब है कि जब पुलिस खुद फिटनेस का संदेश लेकर मैदान में उतरती है, तो उसका असर केवल सड़कों तक नहीं बल्कि पूरे समाज की सोच पर दिखाई देता है।






