रायगढ़ 6 जून 2026/ एक ही युवक को लेकर दो महिलाओं के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने से सनसनी फैल गई। एक महिला सुरक्षा की मांग लेकर पहुंची, जबकि दूसरी ने युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया।
रायगढ़। महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद निवासी सलीम (30 वर्ष) को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया है। मामला तब सामने आया जब खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला 5 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सुरक्षा की मांग करते हुए आवेदन दिया। महिला ने बताया कि उसने हाल ही में जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में सलीम से विवाह किया है, जिसके कारण उसके बेटे उससे नाराज हैं और घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं।
इसी मामले में नया मोड़ तब आया जब 6 जून को खरसिया क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती एसपी कार्यालय पहुंची और सलीम के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। युवती ने आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान खरसिया क्षेत्र में फेरी का काम करने वाले सलीम ने उससे संपर्क बढ़ाया, शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ संबंध बनाए। युवती के अनुसार आरोपी उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी ले गया था और लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा। बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम दूसरी महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है। इसके बाद दूसरी महिला से कथित विवाह की सूचना मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी कई अन्य महिलाओं और युवतियों से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत और चैटिंग करता था। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने महिला थाना और कोतरारोड़ पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां शिकायत के आधार पर दुष्कर्म संबंधी धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बहरहाल, यह मामला एक बार फिर रिश्तों में भरोसे और पहचान की जांच-पड़ताल की जरूरत को उजागर करता है, वहीं रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।





