कबीरधाम 1 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिल्फी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया गया। सोमवार देर रात की कार्रवाई का खुलासा मंगलवार को किया गया। मामले में पंजाब निवासी एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ, कंटेनर और मोबाइल समेत कुल 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कब्जे में ली गई। उल्लेखनीय कार्रवाई पर राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
जानकारी के अनुसार, थाना चिल्फी की टीम एनएच-30 पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आए कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर वाहन की बारीकी से जांच की गई। ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में खाकी टेप से पैक किए गए कई बंडल मिले। वजन कराने पर इनमें 4.47 क्विंटल गांजा पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2.23 करोड़ रुपये आंकी गई।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। एएनटीएफ और थाना स्टाफ ने संयुक्त रूप से कंटेनर, मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्य जब्त किए। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और संभावित सहयोगियों की पड़ताल कर रही है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह,पिता रवेल सिंह, निवासी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, कबीरधाम पुलिस अंतर्राज्यीय तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और वाहन जांच अभियान और तेज करने के संकेत दिए गए हैं। इस कार्रवाई को प्रदेश में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।




