बलौदाबाजार 9 जून 2026/ सिर्फ एक गलत क्लिक… और आपकी मेहनत की कमाई सेकंडों में साइबर ठगों के खाते में पहुंच सकती है। साइबर अपराधियों के नए जाल को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम लोगों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। पुलिस के मुताबिक ठग लॉटरी, फ्री मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल अपडेट और बैंक केवाईसी (KYC) के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति उस संदिग्ध लिंक पर क्लिक करता है, उसके बैंक खाते और निजी जानकारी पर खतरा मंडराने लगता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक को भूलकर भी क्लिक न करें, किसी के साथ बैंक का OTP, UPI पिन या पासवर्ड साझा न करें और यह हमेशा याद रखें कि कोई भी बैंक या सरकारी विभाग फोन या मैसेज के जरिए आपकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगता। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। फिलहाल, बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील साफ है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें, क्योंकि साइबर ठग आपकी एक छोटी सी लापरवाही का इंतजार कर रहे हैं।





