बिलासपुर 16 जून 2026/ नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। 1 मई से 14 जून तक आयोजित इस शिविर में खेल, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र की 16 विभिन्न विधाओं में 600 से अधिक बच्चों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर का उद्घाटन नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट के सचिव सी. नवीन कुमार द्वारा किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, मार्शल आर्ट, एडवांस योगा, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, भरतनाट्यम, वेस्टर्न डांस, गिटार, पियानो, कराओके सिंगिंग, अबेकस, स्पोकन इंग्लिश तथा ड्राइंग एवं पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह में प्रशिक्षुओं ने भरतनाट्यम, वेस्टर्न डांस, पियानो, मार्शल आर्ट, गिटार वादन, एडवांस योगा, सेक्सोफोन एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कु. संस्कृति शर्मा ने गिटार वादन, कु. अवंतिका ने सेक्सोफोन वादन तथा मास्टर कृष्णा ने नृत्य प्रस्तुति देकर खूब सराहना बटोरी। वहीं कु. अर्पिता दत्ता ने एडवांस योगा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में शिविर की गतिविधियों का स्लाइड शो भी प्रदर्शित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि आदित्य कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी, बिलासपुर जोन रहे। विशिष्ट अतिथियों में के. श्रीनिवास, अपर मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर मंडल तथा अंशुमान मिश्रा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शामिल रहे। अन्य अतिथियों में रंजन रुखियार, सहायक कार्मिक अधिकारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष, नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट तथा भास्कर गुहा, सहायक कार्मिक अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट की पूरी कार्यकारिणी की प्रशंसा करते हुए बधाई दी। समारोह में सभी प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट के सचिव सी. नवीन कुमार, उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह, सह-सचिव संजय कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष बी. अनिल कुमार, सह-कोषाध्यक्ष श्रीकांत पाढी, टूर्नामेंट सचिव दीपक कुमार सुब्बा, टूर्नामेंट सह-सचिव दीपक राजा गुरूंग, आउटडोर सचिव टी. सन्मुख राव, इनडोर सचिव डी. मुरलीधर तथा लाइब्रेरी सचिव श्रीराम यादव सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए खेल सामग्री, पौष्टिक आहार के रूप में चना एवं गुड़, टी-शर्ट तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
मीडिया प्रभारी हेमंत सिंह परिहार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना था, जिसमें खेल, शिक्षा और संस्कृति के विभिन्न क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और यादगार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ





