देश दुनिया

भारत-चीन सीमा पर गणतंत्र दिवस पर गरजे ITBP के जवान, बर्फीली वादियों से इस अंदाज में दी देशवासियों को बधाई

देश के 75वें गणतंत्रता दिवस के मौके पर भारत-चीन सीमा पर बर्फीले इलाकों में तैनात भारतीय जवानों ने देशवासियों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। हाथ में तिरंगा लिए भारत-तिब्बत सीमा सुरक्षा बल (आइटीबीपी) के जवानों ने बर्फीली वादियों से भारत माता के जयकारे के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते नजर आ रहे हैं। भारत के हिमवीर कड़ाके की सर्दी के बीच बर्फीले पहाड़ों पर खड़े होकर 75वें गणतंत्रता दिवस पर काफी जोशीले स्वर में जश्न मनाते दिख रहे हैं। उनके हाथों में रायफल और तिरंगा है।

एएनआइ ने भारतीय जवानों के इस वीडियो को एक्स के प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। इसमें भारत मां के वीर सपूतों का अद्भुद साहस और देश पर मर-मिटने की चाह दिखाई दे रही है। जवानों ने कहा- “भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की तरफ से सभी देशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।” इसके बाद वह सभी भारत माता की जय के जयघोष करते दिखाई दे रहे हैं। जवानों के पैर एक से डेढ़ फीट तक बर्फ में धंसे हुए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह भीषण सर्दी और बर्फबारी का प्रकोप भी झेल रहे हैं। मगर जवानों का हौसला इससे कम नहीं हुआ है।

फ्रांस के राष्ट्रपति हैं इस बार मुख्य अतिथि

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि हैं। उन्होंने भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस अवसर पर उन्हें भारत के लोगों के बीच होने की खुशी और गर्व, दोनों हैं। मैंक्रों इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि हैं। वह कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखेंगे जहां भारत की सैन्‍य क्षमता और सांस्‍कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जायेगा। मैक्रों ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र मोदी और भारत के लोग। गणतंत्र दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपके साथ होने पर खुशी और गर्व है। आइये, जश्न मनाते हैं!’’

इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बृहस्पतिवार को जयपुर में ली गई एक सेल्फी भी साझा की। मैक्रों अपने भारत दौरे के तहत बृहस्पतिवार दोपहर जयपुर पहुंचे थे जहां राज्यपाल कलराज मिश्र, विदेश मंत्री एस जयशंकर और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मैक्रों का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ जयपुर के परकोटे में स्थित जंतर मंतर से सांगानेरी गेट तक रोड शो भी किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मैक्रों को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर की प्रतिकृति उपहार में दी। दोनों नेताओं ने एक साथ मसाला चाय की चुस्की भी ली।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!