मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 7 जून 2026/ रविवार सुबह जिले की सड़कों पर एक अलग ही तस्वीर दिखाई दी। खाकी वर्दी में पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अफसर, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक साइकिलों पर सवार होकर फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश देते नजर आए। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित “Sunday On Cycle” साइकिल रैली ने पूरे जिले में स्वास्थ्य जागरूकता का माहौल बना दिया और फिट इंडिया मूवमेंट को नई ऊर्जा दी।
भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में निकली रैली में अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, डिप्टी कलेक्टर डी.आर. ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, डीएसपी नेहा पवार, एसडीओपी ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी संदीप टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
सुबह 7:30 बजे हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। निर्धारित मार्गों से गुजरती साइकिल रैली ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने, प्रदूषण कम करने और ईंधन बचत के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि नियमित साइकिलिंग से हृदय रोगों का खतरा कम होता है, मानसिक तनाव घटता है और शरीर अधिक सक्रिय व स्वस्थ रहता है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरणीय चुनौतियों, बढ़ती ईंधन खपत और ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। नागरिकों और युवाओं से अपील की गई कि वे दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ाएं और इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनें। गौरतलब है कि जब फिटनेस, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी एक साथ सड़क पर उतरते हैं, तब बदलाव केवल दिखाई नहीं देता बल्कि समाज की सोच में भी महसूस होने लगता है।






