रायपुर, 26 जुलाई 2026/ प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ ने रविवार को राजधानी रायपुर के कोटा वार्ड-23 में संगठनात्मक विस्तार करते हुए नई वार्ड इकाई का गठन किया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने सर्वसम्मति से युवा चिकित्सक डॉ. कमल मानिकपुरी को आगामी आदेश तक कोटा वार्ड इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया। बैठक में सामाजिक एकजुटता, संगठन विस्तार और जनभागीदारी को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक दोपहर एक बजे प्रदेश कार्यालय, कोटा वार्ड-23 में आयोजित हुई, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए। विचार-विमर्श के दौरान महानगर रायपुर के वार्डों में सामाजिक गतिविधियों को सशक्त बनाने तथा संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने के उद्देश्य से नई इकाइयों के गठन पर सहमति बनी। इसी क्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों ने डॉ. कमल मानिकपुरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर उन्हें वार्ड इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित सामाजिक जनों ने श्री सद्गुरु कबीर साहेब से उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए शुभकामनाएं भी दीं।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” की भावना के साथ समाज को संगठित करते हुए सामाजिक गरिमा, समरसता और विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।
बैठक में वयोवृद्ध सामाजिक संरक्षक कंवल दास मानिकपुरी, प्रदेश प्रवक्ता एवं समन्वयक तथा वरिष्ठ पत्रकार एच.डी.महंत,पवन दास मानिकपुरी, मदन दास मानिकपुरी, अधिवक्ता विजय दास मानिकपुरी, बिसाहिन मानिकपुरी, श्वेता मानिकपुरी, मीना मानिकपुरी, हरीश मानिकपुरी, मुकेश मानिकपुरी, राहुल देव पंत, लोकेश्वर दास मानिकपुरी, महानगर अध्यक्ष प्रेमदास मानिकपुरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे।
फिलहाल, कोटा वार्ड इकाई के गठन को संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नई टीम सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाएगी।








