सड़क निर्माण की अव्यवस्था से नागरिक परेशान, दुर्घटना का भी बढ़ा खतरा
बिलासपुर 5 जून 2026/ अशोक नगर–बिरकोना मार्ग पर चल रहे फोरलेन गौरवपथ निर्माण कार्य के दौरान एक बार फिर पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। पाइप फूटने से सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अशोक नगर चौक के समीप निर्माण कार्य के दौरान पाइप लाइन टूटने से पानी तेज़ी से सड़क पर बहने लगा। पहले से खुदी हुई सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ और क्षेत्र में फिसलन बढ़ गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान बार-बार लापरवाही बरती जा रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। यह सड़क शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। फोरलेन सड़क, डिवाइडर और नाली निर्माण का कार्य जारी है, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
जगह-जगह गड्ढे, दुर्घटना की आशंका
निर्माण स्थल पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे खुले पड़े हैं। अनेक जगहों पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया सवारों और स्कूली बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। बारिश या पानी भराव की स्थिति में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की संभावना और बढ़ जाती है।
पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क निर्माण के कारण धूल, कीचड़ और जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। स्कूल, बाजार और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को रोज़ाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पैदल चलने तक की जगह नहीं बची है।
नागरिकों की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए गड्ढों की उचित बैरिकेडिंग, सड़क समतलीकरण और धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन उनकी कीमत जनता की सुरक्षा और सुविधाओं से नहीं चुकाई जानी चाहिए।





