कोरबा 6 जून 2026/ सड़कों को मौत का रास्ता बनाने वालों पर कोरबा पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। शराब के नशे में वाहन दौड़ाकर खुद और दूसरों की जिंदगी खतरे में डाल रहे 26 वाहन चालकों को पुलिस ने एक विशेष अभियान के दौरान पकड़ लिया। ब्रेथ एनालाइजर से हुई जांच में नशे की पुष्टि होते ही सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिससे जिलेभर में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों और यातायात इकाइयों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। यहां वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की गई। सघन जांच के दौरान कुल 26 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए। इनमें 5 चार पहिया वाहन चालक और 21 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं।
पुलिस ने सभी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। संबंधित प्रकरणों को नियमानुसार न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना शामिल है। नशे की अवस्था में चालक की निर्णय क्षमता प्रभावित होती है, प्रतिक्रिया देने का समय बढ़ जाता है और वाहन पर नियंत्रण कमजोर पड़ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब सेवन के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। बहरहाल, साफ संदेश है कि सड़क पर लापरवाही अब भारी पड़ेगी और जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कोरबा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





