रायपुर 19 जून 2026/ संत कबीर साहेब के प्रकटोत्सव को लेकर राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित कबीरहा पारा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सतगुरु कबीर सत्संग समिति और विभिन्न महिला मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून (रविवार) को पूरे दिन धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को इस बार भी भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए समिति ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
समिति के संरक्षक केदारनाथ साहू और अध्यक्ष रामकुमार साहू ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी संत कबीर प्रकटोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद गुरु महिमा, बरसायत पूर्णिमा महात्म्य और सत्संग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रहेगी।
आयोजन का प्रमुख आकर्षण सुबह 11 बजे निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। शोभायात्रा के बाद संत रामू साहेब (गिरौदपुरी वाले) के सानिध्य में सत्संग आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु संत कबीर साहेब के बताए सत्य, समानता और मानवता के संदेश को आत्मसात करेंगे।
कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद मनोज जांगड़े (वार्ड-53) करेंगे, जबकि पार्षद विजय पंकज निर्मलकर (वार्ड-52) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समिति के मीडिया प्रभारी अश्वनी साहू ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर संत कबीर साहेब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
गौरतलब है कि संत कबीर प्रकटोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है।





