महासमुंद। फाइनेंस कंपनी की लाखों रुपये की रिकवरी राशि गायब होने से मचे हड़कंप के बीच महासमुंद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला पिथौरा स्थित फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड कंपनी का है, जहां कंपनी की 4 लाख 9 हजार 500 रुपये की रिकवरी राशि कथित रूप से कैश वोल्ट में जमा करने के बजाय शाखा प्रबंधक ने अपने कब्जे में रख ली और उसका गबन कर दिया। शिकायत सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को कंपनी की रिकवरी से प्राप्त 4,09,500 रुपये शाखा में जमा होने थे, लेकिन यह राशि कैश वोल्ट तक नहीं पहुंची। मामले की जानकारी मिलने पर प्रार्थी आशुतोष सिंह (34 वर्ष), निवासी अर्जुनपुर, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) ने थाना पिथौरा में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में गबन के तथ्य सामने आने पर थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 142/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) एवं 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और अपराध दर्ज होने के बाद उसके ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रकम का गबन करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद 5 जून 2026 को आरोपी रोहित पटेल, पिता मोहनलाल पटेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी खरवानी छोटे, पोस्ट सालर, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि वित्तीय संस्थानों में विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होता है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई न केवल कानून का भरोसा मजबूत करती है, बल्कि जनता को भी स्पष्ट संदेश देती है कि गबन और आर्थिक अपराध करने वालों के लिए कानून का शिकंजा हमेशा तैयार है।





