नेपाल के विराटनगर में अंतर्राष्ट्रीय संत सम्मान से विभूषित हुए स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज
भारत-नेपाल को हिन्दू राष्ट्र बनाना ही हमारा उद्देश्य – स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि
विराटनगर (नेपाल)। सनातन धर्म के संरक्षण और हिन्दू राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से नेपाल के विराटनगर स्थित रामधुनी में एक भव्य संत सम्मेलन और विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में भारत और नेपाल के हजारों सनातन धर्मावलम्बी एकत्रित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे भारत के प्रख्यात संत और अंतर्राष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज (सूरज ब्रह्मे), जिन्हें इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय संत सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मेलन में भारत और नेपाल के विभिन्न राज्यों से आए संतों, महंतों और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। आयोजन में करीब 20 हजार से अधिक सनातन अनुयायी शामिल हुए। सभा की शुरुआत विराटनगर से रामधुनी तक 10 किलोमीटर की भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। आयोजन का उद्देश्य नेपाल और भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की वैश्विक मुहिम को आगे बढ़ाना था।
स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा—”भारत और नेपाल का रोटी-बेटी का संबंध शताब्दियों से चला आ रहा है। नेपाल त्रेता युग में मिथिला के नाम से प्रसिद्ध था, जहाँ राजा जनक की पुत्री माता सीता जी का जन्म हुआ। नेपाल और भारत के बीच सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक संबंध अटूट हैं।”
उन्होंने आगे कहा—”हमारा उद्देश्य भारत और नेपाल को हिन्दू राष्ट्र बनाना है। नेपाल विश्व का एकमात्र ऐसा देश है जो कभी गुलाम नहीं हुआ और आज भी सबसे अधिक सनातन धर्मावलंबी यहां निवास करते हैं। हम पूरे विश्व के सनातनियों को एक मंच पर लाकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता सनातन धर्म व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष चंद्रेश्वर चौधरी और अंतर्राष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एबराज आचार्य ने की।
इस मौके पर नेपाल के पूर्व वन मंत्री और सांसद शंकर भंडारी, सांसद किरण शाह, पूर्व सांसद हरिचरण शाह, मध्यप्रदेश तेली घानी बोर्ड के अध्यक्ष रवि किरण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अंग्रेज सिंह, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रंजन मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव श्रीमती रूपा शाह सहित दर्जनों मंत्री, सांसद, संत और समाजसेवी उपस्थित रहे।
भारत से स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज के साथ नरेन्द्र मोदी विचार मंच के राष्ट्रीय सचिव दिलीप भगत, पंजाब और बिहार के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई अन्य पदाधिकारी भी नेपाल पहुंचे और भारत-नेपाल को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए अपनी आवाज बुलंद की।स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज (सूरज ब्रह्मे)अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष – अंतर्राष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच
संस्थापक संयोजक – सनातनी अखाड़ा