बिलासपुर 9 जून 2026/ अब तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना जेब पर ही नहीं, ड्राइविंग लाइसेंस पर भी भारी पड़ सकता है। बिलासपुर की सड़कों पर यातायात पुलिस की तीसरी आंख हर पल नजर रख रही है और तय गति सीमा तोड़ने वालों पर लगातार शिकंजा कस रही है। जनवरी से मई 2026 के बीच यातायात पुलिस ने तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग करने वाले 14,372 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर इंटरसेप्टर, स्पीड राडार गन और स्पीडोमीटर से निगरानी की जा रही है, जबकि शहर के भीतर 550 से अधिक अत्याधुनिक एएनपीआर कैमरे हर गतिविधि रिकॉर्ड कर रहे हैं। तेज रफ्तार, स्टंट, रील बनाते हुए ड्राइविंग, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना और अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर ऑनलाइन चालान भेजे जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत तेज गति से वाहन चलाने के 4,809 तथा धारा 184 के तहत लापरवाही और जल्दबाजी से वाहन चलाने के 9,567 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त कराने के लिए परिवहन विभाग को लगातार प्रतिवेदन भेजे जा रहे हैं। वहीं स्टंटबाजी और सड़क पर रील बनाने जैसे मामलों में प्रकरण न्यायालय भी भेजे जा रहे हैं ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके। बहरहाल, बिलासपुर यातायात पुलिस का साफ संदेश है—रफ्तार पर नियंत्रण रखें, नियमों का पालन करें, क्योंकि अब हर सड़क पर तीसरी आंख आपकी हर लापरवाही देख रही है।






