जांजगीर-चांपा 9 जून 2026/ चार साल के भरोसे का अंत ऐसा हुआ कि एक महिला की निजी जिंदगी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई, लेकिन आरोपी की यह साजिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। जांजगीर-चांपा पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम पर महिला का निजी और अश्लील वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना चांपा क्षेत्र में सामने आए इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने तेजी से जांच पूरी कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष सोनी (28 वर्ष), निवासी चांपा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा है। पीड़िता और आरोपी के बीच करीब चार वर्षों से परिचय था। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए। समय बीतने के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। बदले की भावना से आरोपी ने महिला के निजी और अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम के माध्यम से भेज दिए। पीड़िता की शिकायत मिलते ही थाना चांपा में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 एवं 67(ए) के तहत मामला कायम किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया और आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, पीएसआई रुकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, गौरीशंकर राय सहित थाना चांपा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, यह मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि रिश्तों में विश्वास का दुरुपयोग और निजी सामग्री का दुष्प्रचार गंभीर अपराध है, जिसका अंजाम सीधे जेल तक पहुंचा सकता है।






