पत्रकार शीतल साहू समेत पत्नी और दो जवान बच्चों की दर्दनाक मौत, पसौद गांव में पसरा मातम
रायपुर/मगरलोड/ दीपावली की रात जिस परिवार के घर खुशियों का उजाला लौटना था, वहां अब मातम पसरा है। रायपुर से अपने गृहग्राम पसौद लौट रहा साहू परिवार रास्ते में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। राजिम क्षेत्र के महानदी स्थित टीला एनीकट में कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में स्थानीय पत्रकार शीतल साहू (44 वर्ष), उनकी पत्नी भारती साहू, 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू और 19 वर्षीय बेटे विकास साहू की पानी में डूबने से मौत हो गई।

दीपावली मनाने गांव जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार शीतल साहू अपने परिवार के साथ रायपुर से दीपावली मनाने पैतृक गांव पसौद की ओर निकले थे। देर रात करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच टीला एनीकट मार्ग पर उनकी कार मोड़ के पास अनियंत्रित हो गई। वाहन की रफ्तार अधिक होने और अंधेरा होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं संभाल सका। कार एनीकट की सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए सीधे महानदी के गहरे पानी में जा समाई।
सुबह तक नहीं पहुंचा परिवार तो बढ़ी चिंता
रातभर परिवार के गांव नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। सुबह परिजनों ने रायपुर से पसौद तक रास्ते में खोजबीन शुरू की। टीला एनीकट के पास क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार और पिलर देखकर संदेह गहरा गया। नदी में तलाश करने पर एक कार पानी में डूबी दिखाई दी। कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था।

गोताखोरों ने निकाले चारों शव
सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा और चंपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से कार को बाहर निकालने और उसमें फंसे लोगों को तलाशने का अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार से चारों शव बाहर निकाले गए।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही पसौद गांव सहित पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। दीपावली के दीप जलने के बीच एक परिवार के चार चिराग बुझ गए।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में रात के अंधेरे, कम दृश्यता और मोड़ पर वाहन के नियंत्रण से बाहर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की विस्तृत जांच और अन्य साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





