रायपुर 10 जून 2026/ शहर की सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। आम लोगों की शिकायत सही मिलते ही निगम की टीम ने मुख्य बाजार में औचक निरीक्षण किया और गंदगी मिलने पर किक्की रेस्टोरेंट, जयराज स्वीट्स, अली बिरयानी, धमतरी मूंगबड़ा समेत आठ दुकानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 8800 रुपये का ई-चालान काट दिया। कार्रवाई के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जी.ई. रोड स्थित आमापारा चौक से स्वामी विवेकानंद आश्रम तक मुख्य बाजार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनशिकायत सही पाई गई और कई दुकानों के बाहर गंदगी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत किक्की रेस्टोरेंट पर 5000 रुपये, जयराज स्वीट्स पर 2000 रुपये, अली बिरयानी और धमतरी मूंगबड़ा पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा चार फल दुकानों में भी गंदगी मिलने पर संबंधित संचालकों पर कुल 800 रुपये का ई-चालान किया गया। इस तरह आठ दुकानों पर कुल 8800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही सभी दुकानदारों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।
इस कार्रवाई के दौरान जोन-5 के स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक प्रेम मानिकपुरी,और दिलीप भारती मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी की।
फिलहाल, नगर निगम ने साफ संदेश दे दिया है कि जनशिकायत मिलने पर अब गंदगी फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






