रायपुर 6 जून 2026/ हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी पर रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया। भीड़भाड़ वाले इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया और उसके कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।
रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी क्राइम एवं साइबर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना मौदहापारा क्षेत्र के समवेत शिखर प्रेस बिजली ऑफिस मोड़ के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
जांच और त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ बिल्ला, पिता अनिल सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर, दलदल सिवनी, थाना पंडरी, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 100/2026 दर्ज किया गया। आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के लिए रायपुर पुलिस की नजरें हर समय सतर्क हैं। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है और शहर में दहशत फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





