रायपुर, 27 सितंबर 2026/ राजधानी रायपुर के कोटा वार्ड क्रमांक 23 स्थित मानिकपुरी पनिका समाज के युवा समाजसेवी राहुल देव पंत के निवास पर अनंत चतुर्दशी एवं पूर्णिमा के पावन अवसर पर चौका आरती और आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, संत-महंतों, परिवारजनों और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी तथा महानगर रायपुर अध्यक्ष प्रेम दास मानिकपुरी सहित समाज के वरिष्ठजनों की गरिमामय उपस्थिति रही। गुरु महंत किशन दास मानिकपुरी, महंत बुधारी दास मानिकपुरी, दीवान केतन दास मानिकपुरी सहित संत-महंतों के कर-कमलों से चौका आरती की विधि संपन्न कराई गई।
इस दौरान कबीर भजन गायक भुवन दास मानिकपुरी ने सुमधुर कबीर भजनों की प्रस्तुति दी। तबला वादक रामदास मानिकपुरी ने संगत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने चौका का पान प्रसाद एवं भंडारे में भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजक राहुल देव पंत एवं उनकी धर्मपत्नी रिंकी पंत ने संत-महंतों और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत कर सम्मान किया। कार्यक्रम में विजय दास मानिकपुरी, अधिवक्ता श्वेता मानिकपुरी, रूपेन्द्र दास, विद्या मानिकपुरी, जगजीवन दास मानिकपुरी, प्यारी बाई मानिकपुरी, नरेंद्र दास मानिकपुरी, स्वरूपा मानिकपुरी, गौतम मानिकपुरी, लीला, मदन दास मानिकपुरी, चंद्रिका मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में समाज एवं परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सद्गुरु कबीर साहब से परिवार और समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना रहा।







