बिलासपुर 18 मई 2026/ रात के अंधेरे में फार्महाउस के भीतर चल रही हाईप्रोफाइल जुआ महफिल पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा की टीम ने अचानक दबिश देकर फार्म मालिक समेत 8 जुआरियों को रंगेहाथ पकड़ लिया। बिलासपुर के ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे इस जुए के अड्डे पर पुलिस की रेड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। मौके से 3 लाख 80 हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और 5 चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को लंबे समय से फार्महाउस में बड़े स्तर पर जुआ खिलाए जाने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान ओमनगर निवासी 38 वर्षीय रोशन सिंह, राजीव गांधी चौक निवासी मुन्ना गोयल, दीनदयाल कॉलोनी मंगला निवासी विकास सिंह, विद्यानगर तारबहार निवासी 42 वर्षीय फार्म मालिक मनीष शर्मा, विद्यानगर निवासी नीरज शर्मा, सकरी के रामा लाइफ सिटी निवासी 37 वर्षीय दीपक अग्रवाल, तखतपुर निवासी चंद्रकिशन अग्रवाल और नया बस स्टैंड तिफरा निवासी 20 वर्षीय मयंक सोनकर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फार्महाउस के भीतर जुए की महफिल किस स्तर पर संचालित हो रही थी, इसका अंदाजा मौके से बरामद रकम और लग्जरी वाहनों से लगाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया था ताकि कोई आरोपी भाग न सके। बताया जा रहा है कि यह जुआ पार्टी लंबे समय से चुनिंदा लोगों के बीच संचालित हो रही थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। बहरहाल, बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि कानून की नजर से बचकर चल रहे चमकदार फार्महाउसों के भीतर के खेल अब ज्यादा दिनों तक छिपे नहीं रहेंगे।






