बिलासपुर 22 जून 2026/ सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर स्थित एक तालाब में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान तिफरा के कुंदरापारा निवासी तापस कश्यप (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तापस कश्यप शुक्रवार को अपने रिश्तेदार सुनील कुमार कश्यप और दोस्तों राहुल विश्वकर्मा, प्रदीप साहू, गोरेलाल साहू तथा गेडा यादव के साथ राहुल की नई कार से घूमने के लिए खम्हरिया गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान संबलपुर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक तालाब को देखकर वे नहाने के लिए रुक गए। बताया जा रहा है कि नहाते समय तापस कश्यप तैरते हुए तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वह पानी में डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 एवं सकरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
गहरे पानी में नहाना पड़ा जानलेवा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को तालाब की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं था। गर्मी और उमस के बीच नहाने के लिए तालाब में उतरना उसकी जिंदगी का आखिरी फैसला साबित हुआ। इस घटना ने एक बार फिर जलाशयों में सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।





