बिलासपुर 25 जून 2026/ थाना चांपा क्षेत्र में चखना दुकान के बाहर खड़ी करीब 6 लाख रुपये की ब्रेजा कार चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई कार भी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी मिर्जा अफजल बेग ने 23 जून को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित एक चखना दुकान की देखरेख करता है। घटना वाली रात उसने अपनी ब्रेजा कार (CG 11 BS 5141) दुकान के बाहर पेड़ के नीचे खड़ी की थी।थकान के कारण वह दुकान के भीतर सो गया। सुबह उठने पर उसके सिरहाने रखी कार की चाबी गायब मिली और बाहर जाकर देखा तो कार भी नहीं थी। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते और कार के पास आते-जाते दिखाई दिया।फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान पामगढ़ के चंडीपारा निवासी 26 वर्षीय कन्हैया कश्यप के रूप में हुई। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की सहायता से तकनीकी ट्रैकिंग की गई और आरोपी को हथनेवरा फोरलेन के पासहिरासत में लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दुकान में सो रहे वाहन मालिक के सिरहाने से चाबी उठाई और कार चोरी कर फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद कर जप्त कर ली गई।पुलिस ने आरोपी कन्हैया कश्यप को 24 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, सहायक उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे तथा आरक्षक प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, माखन साहू की भूमिका रही।





