रायपुर 13 जून 2026/ जनशिकायत सही निकली तो नगर निगम ने बिना देर किए कार्रवाई का डंडा चला दिया। आश्रम चौक और लाखेनगर क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों व ठेला संचालकों पर निगम की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान ई-जुर्माना ठोकते हुए कुल 8,800 रुपये की वसूली की। कार्रवाई के दौरान बिरयानी दुकानों से लेकर प्लास्टिक दुकान और सड़क किनारे ठेले लगाने वालों तक किसी को भी राहत नहीं मिली।
नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही तथा जोन-5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जी.ई. रोड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम चौक के आसपास मुख्य बाजार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राप्त जनशिकायत सही पाई गई। टीम ने इंडियन बिरयानी और फिरोज बिरयानी दुकान के संचालकों को परिसर में गंदगी फैलाने का दोषी पाते हुए 500-500 रुपये का ई-जुर्माना लगाया और भविष्य में स्वच्छता बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी।
कार्रवाई के दौरान लाखेनगर चौक स्थित चिराग प्लास्टिक दुकान में भी गंदगी मिलने पर संचालक पर 5,000 रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। वहीं सड़क किनारे गंदगी फैलाने वाले सात ठेला संचालकों पर कुल 2,800 रुपये का जुर्माना करते हुए स्वच्छता नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। इस तरह कुल 10 कारोबारियों पर 8,800 रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण के समय जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक प्रेम मानिकपुरी ,दिलीप साहू और दिलीप भारती मौजूद रहे। गौरतलब है कि नगर निगम ने साफ संकेत दे दिया है कि जनशिकायत सही मिलने पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई अब और भी सख्त होगी।






