बिलासपुर 26 जून 2026/ चकरभाठा थाना क्षेत्र के परसदा में पुराने लेनदेन और रंजिश को लेकर एक ट्रांसपोर्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति-पत्नी और साले ने मिलकर पहले दुकान के पास विवाद किया, फिर बीच सड़क पर गाड़ी रुकवाकर ट्रांसपोर्टर की पिटाई कर दी। अमेरी निवासी ट्रांसपोर्टर बिहारी लाल गोयल ने बताया कि उनका पहले तोष कुमार राठौर के साथ ट्रांसपोर्टिंग का कामकाज था। उनके अनुसार दोनों के बीच किसी प्रकार का कोई बकाया लेनदेन नहीं है। मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपने मित्र यतीन्दर खत्री के साथ परसदा स्थित एक बॉडी बिल्डर की दुकान पहुंचे थे। पीड़ित के मुताबिक, वहा मौजूद राजेश साहू ने उनसे तोष कुमार के नाम पर 40 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने जब पैसे देने से इनकार किया तो राजेश ने फोन कर तोष कुमार को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद तोष कुमार अपनी पत्नी और साले के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने करीब दो वर्ष पुराने ट्रक सौदे में 1.80 लाख रुपये बकाया होने का दावा करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। बिहारी लाल ने बताया कि किसी तरह वहां से निकलने के बाद वह अपने परिचित विक्रांत सागर यादव की गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीलाल पेट्रोल पंप के सामने आरोपियों ने उनकी गाडी रुकवा ली। आरोप है कि पति-पत्नी और साले ने मिलकर बीच सड़क पर उनकी जमकर पिटाई की। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




