विधवा ने लगाया रेप का आरोप:पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला किया दर्ज, गुस्साए लोगों ने घेरा थाना; दोबारा कराई जाएगी मेडिकल जांच
बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र में विधवा महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। महिला खून से लथपथ बेहोश हालत में पड़ी थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। अब एक बार फिर महिला की जांच कराई जाएगी।
इधर पुलिस ने महिला का बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों के खिलाफ केवल छेड़खानी का केस दर्ज किया, जिससे गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा मचाया। इसके चलते तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, बिल्हा क्षेत्र के गांव की विधवा महिला सोमवार को बेहोशी की हालत में मिली, जिसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला को जब होश आया, तो उन्होंने डॉक्टर से आपबीती बताई। इसके बाद डॉक्टर ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।
जांच और बयान के बाद छेड़खानी का मामला
पुलिस ने जब महिला का बयान दर्ज किया, तो मामला संदिग्ध निकला। लिहाजा, पुलिस ने मामले की जांच की और इसके बाद 7 लोगों के खिलाफ मारपीट और छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया।
गुस्साए लोगों ने घेरा थाना, जमकर हुआ हंगामा
पुलिस की इस कार्रवाई का परिजन और समाज के लोगों ने विरोध किया। इस दौरान उन्होंने महिला के बयान पर गैंगरेप का केस दर्ज करने की मांग की। लेकिन, पुलिस ने मना कर दिया, जिसके बाद नाराज लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और जमकर हंगामा मचाया। इसके चलते बिल्हा थाने में दोपहर से लेकर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही।
लाइन से भेजा बल, थानेदारों की लगाई ड्यूटी
बिल्हा थाने का घेराव और तनाव की स्थिति निर्मित होने पर पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल भेजा गया। वहीं, आसपास के थानेदारों को भी बिल्हा थाने भेजा गया। देर शाम तक थाने में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान लोगों को समझाइश देकर शांत कराया गया और जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

मामला संदिग्ध, महिला ने बयान में बेहोश होने की बात कही
इस मामले में पुलिस कई तरह के संदेह भी जता रही है। साथ ही आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो पीड़ित महिला ने अपने बयान में बेहोश होने का जिक्र किया है। दूसरी ओर यह भी बात कही जा रही कि दोनों पक्षों की ओर से पहले भी एक गंभीर मामले में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस सारे पहलुओं की जांच कर रही है।
बदला लेने के लिए गैंगरेप का आरोप
इधर, आरोपी पक्ष के लोग भी मंगलवार की देर शाम एसपी ऑफिस पहुंच गए। उनका कहना था कि पूर्व में महिला के रिश्तेदार पर लड़की को छेड़ने और सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर वायरल करने के मामले में केस दर्ज किया गया है, जिसका बदला लेने के लिए गैंगरेप के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।