बिलासपुर 26 जून 2026/ जरहाभाठा क्षेत्र में आयोजित शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस टीम ने एक युवक को चाकू के साथ पकड़कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार युवक कार्यक्रम स्थल पूर जेब में चाकू रखकर नाचते हुए पाया गया था। पूछताछ में उसकी पहचान रामा कुर्रे पिता राजू करें के रूप में हुई। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पैट की जेब से एक चाकू बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे थाना लाकर लॉकअप में निरुद्ध कर दिया। इसी दौरान थाने में आरोपी से मिलने उसकी परिचित महिला मधु और एक नाबालिग लड़का पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक मुलाकात के कुछ समय बाद आरोपी ने पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड के छोटे टुकड़े से खुद के हाथ और सीने पर वार कर लिया। घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। पुलिस के अनुसार आरोपी को सामान्य और सतही चोटें आई हैं तथा उसकी हालत खतरे से बाहर है। वर्तमान में आरोपी पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ब्लेड का छोटा टुकड़ा मुंह के किनारे छिपाकर रखा हुआ था और उसी का इस्तेमाल उसने खुद को घायल करने में किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूरी तरह होश में है और उसने अपने द्वारा किए गए कृत्य को स्वीकार भी किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल इस मामले में अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं आरोपी से मिलने आई महिला और उसके साथ आए नाबालिग की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।




